News

Publish Date: July 13, 2026

आई.आई.टी. दिल्ली में "पर्यावरण एवं सततता" विषय पर सी.एस.आर. कॉन्क्लेव 2026; शोधकर्ताओं द्वारा विकसित प्रौद्योगिकी समाधानों का प्रदर्शन

Share this on

रणनीतिक साझेदारियों को प्रोत्साहित करने के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर.) कॉन्क्लेव में उद्योग, सी.एस.आर., शिक्षाजगत और सरकार के प्रतिनिधियों का संगम।


(फ़ोटो: आई.आई.टी. दिल्ली के निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी (बाएँ से दूसरे) द्वारा सी.एस.आर. प्रोजेक्ट कंपेंडियम एवं सी.एस.आर. इम्पैक्ट स्टोरीज़ पुस्तिका का लोकार्पण।)

नई दिल्ली: आई.आई.टी. दिल्ली ने "पर्यावरण एवं सततता" विषय पर सी.एस.आर. कॉन्क्लेव 2026 का सफल आयोजन किया। इस कॉन्क्लेव में उद्योग जगत, सी.एस.आर. फाउंडेशनों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, सरकारी संगठनों, गैर-सरकारी संगठनों (एन.जी.ओ.) तथा शिक्षाजगत के 245 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न हितधारकों के बीच सहयोग और रणनीतिक साझेदारियों को सुदृढ़ करना था।

आई.आई.टी. दिल्ली के कॉर्पोरेट सम्बन्ध कार्यालय द्वारा आयोजित इस कॉन्क्लेव ने संस्थान की अनुसंधान क्षमताओं को प्रदर्शित करने, उद्योग एवं शिक्षाजगत के बीच सार्थक संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय प्राथमिकताओं से जुड़े मुद्दों के समाधान हेतु प्रौद्योगिकी-आधारित नवाचारों में सी.एस.आर. निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में कार्य किया।

कॉन्क्लेव के दौरान आई.आई.टी. दिल्ली के कॉर्पोरेट सम्बन्ध कार्यालय की दो महत्त्वपूर्ण पहलों—सी.एस.आर.  प्रोजेक्ट कम्पेंडियम तथा सी.एस.आर. इम्पैक्ट स्टोरीज़ का भी विमोचन किया गया। सी.एस.आर. प्रोजेक्ट कंपेंडियम में ऐसे उच्च प्रभाव वाले अनुसंधान एवं सामाजिक परियोजनाओं का संकलन प्रस्तुत किया गया है, जो सी.एस.आर. सहयोग की अपेक्षा रखते हैं, जबकि सी.एस.आर. इम्पैक्ट स्टोरीज़ पुस्तिका में पिछले कुछ वर्षों के दौरान आई.आई.टी. दिल्ली में सी.एस.आर. सहयोग से क्रियान्वित सफल पहलों तथा उनके मापन योग्य सामाजिक प्रभाव को रेखांकित किया गया है। आई.आई.टी. दिल्ली के निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी ने प्रो. विवेक बुवा, उप निदेशक (रणनीति एवं योजना); प्रो. जयंत जैन, अधिष्ठाता (कॉर्पोरेट संबंध); तथा प्रो. अश्विनी अग्रवाल, संकायाध्यक्ष (अनुसंधान एवं विकास) की उपस्थिति में सी.एस.आर. प्रोजेक्ट कंपेंडियम और सी.एस.आर. इम्पैक्ट स्टोरीज़ पुस्तिका का लोकार्पण किया।

(सी.एस.आर.  प्रोजेक्ट कम्पेंडियम: https://corprel.iitd.ac.in/assets/docs/csr-proposal.pdf;

इम्पैक्ट स्टोरीज़: https://corprel.iitd.ac.in/impact-stories)

                                
(सी.एस.आर. कॉन्क्लेव में प्रौद्योगिकी प्रदर्शन – अपशिष्ट से समृद्धि तक (वेस्ट टू वेल्थ): एल्गल और माइक्रोबियल बायोटेक्नॉलजी के ज़रिए सर्कुलर बायो-इकोनॉमी)

इस कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण अनुसंधान एवं नवाचार प्रदर्शनी रही, जिसमें आई.आई.टी. दिल्ली के संकाय सदस्यों ने भारत सरकार की रणनीतिक प्राथमिकताओं के अनुरूप विकसित अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों और अनुसंधान कार्यों का प्रदर्शन किया। इनमें कृषि एवं ग्रामीण विकास, स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियाँ, सतत सामग्री एवं परिपत्र अर्थव्यवस्था, अपशिष्ट से संसाधन (Waste-to-Resource) तथा विषय-वस्तु से संबंधित अनेक अन्य क्षेत्रों को शामिल किया गया। इन प्रस्तुतियों ने राष्ट्रीय मिशनों तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में योगदान देने वाली प्रौद्योगिकियों के विकास में आई.आई.टी. दिल्ली की अग्रणी भूमिका और अनुसंधान उत्कृष्टता को प्रभावी रूप से रेखांकित किया।

देश की अग्रणी संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले उद्योग जगत के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों के एक उच्चस्तरीय पैनल ने कॉन्क्लेव में भाग लिया। पैनल सदस्यों ने ज़िम्मेदार कॉर्पोरेट कार्यप्रणाली, ESG सिद्धांतों, स्वच्छ प्रौद्योगिकियों तथा सहयोगात्मक नवाचार के माध्यम से सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा देने पर अपने विचार साझा किए।

आई.आई.टी. दिल्ली के निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी ने अपने संबोधन में उभरती पर्यावरणीय एवं सामाजिक चुनौतियों के समाधान में अनुसंधान संस्थानों और उद्योग-जगत के बीच साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।

प्रो. रंगन बनर्जी ने कहा, "सतत एवं समावेशी विकास की दिशा में भारत की यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षाजगत, उद्योग, सरकार और नागरिक समाज के बीच मजबूत साझेदारी आवश्यक है। आई.आई.टी. दिल्ली में हम राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। नीतिपूर्ण सी.एस.आर.  सहयोग के माध्यम से हम अनुसंधान को व्यापक स्तर पर लागू किए जाने वाले समाधानों में तेजी से परिवर्तित कर सकते हैं, जिनसे समाज को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो।"

कॉर्पोरेट साझेदारों के अमूल्य योगदान का सम्मान करते हुए, आई.आई.टी. दिल्ली ने उन संस्थाओं को सी.एस.आर. एक्सीलेंस अवॉर्ड्स प्रदान किए, जिन्होंने संस्थान के साथ सी.एस.आर. साझेदारी के माध्यम से अनुसंधान, नवाचार, अवसंरचना विकास तथा सामाजिक प्रभाव को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

कॉर्पोरेट जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों और सी.एस.आर. पेशेवरों की उत्साहजनक भागीदारी ने इस बात को रेखांकित किया कि पर्यावरणीय सततता और राष्ट्रीय विकास के लिए प्रभावशाली प्रौद्योगिकी समाधान विकसित करने हेतु आई.आई.टी. दिल्ली के साथ सहयोग करने में उद्योग जगत की रुचि निरंतर बढ़ रही है।


                                  (सी.एस.आर. कॉन्क्लेव में प्रौद्योगिकी प्रदर्शन: स्वच्छ एवं ग्रीन कंबशन डिवाइस)

 

Press Release issued on: 10-07-2026