News

Publish Date: April 2, 2026

फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक और आई.आई.टी. दिल्ली के पूर्व विद्यार्थी बिन्नी बंसल द्वारा संस्थान में उनके नाम पर रखे गए एक प्रदर्शनी हॉल का उद्घाटन

Share this on

विद्यार्थियों के साथ एक प्रेरक अनौपचारिक बातचीत में शामिल हुए।

नई दिल्ली: आई.आई.टी. दिल्ली ने आज (30 मार्च, 2026) अपने परिसर में बिन्नी बंसल प्रदर्शनी हॉल के उद्घाटन के साथ अपने संस्थागत इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण का जश्न मनाया। इस उद्घाटन समारोह में फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक और आई.आई.टी. दिल्ली के प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थी श्री बिन्नी बंसल, संस्थान निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी के साथ-साथ संकाय सदस्यों, स्टाफ सदस्यों तथा उत्साही विद्यार्थियों के समूह की उपस्थिति रही।

दिसंबर 2025 में, आई.आई.टी. दिल्ली ने घोषणा की थी कि वह बिन्नी बंसल की असाधारण उदारता और अपने मातृ संस्थान के प्रति उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के सम्मान में प्रदर्शनी हॉल का नाम उनके नाम पर रखेगा। श्री बंसल के निरंतर परोपकारी योगदान और संस्थान के साथ गहरे जुड़ाव ने आई.आई.टी. दिल्ली में शैक्षणिक और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस हॉल का नामकरण श्री बंसल और उन्हें गढ़ने वाली संस्थान के स्थायी व अटूट संबंध का प्रमाण है।

इस अवसर पर फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक और आई.आई.टी. दिल्ली के पूर्व विद्यार्थी श्री बिन्नी बंसल ने कहा, "आई.आई.टी. दिल्ली वह स्थान है जहाँ से मेरे सफर की शुरुआत हुई। मुझे उम्मीद है कि यह प्रदर्शनी हॉल एक ऐसा मंच बनेगा जहां विद्यार्थी भविष्य की कल्पना करने, अपने विचारों को प्रदर्शित करने का साहस करेंगे और यह महसूस करेंगे कि अगली श्रेष्ठ कंपनी या आविष्कार की शुरुआत इसी परिसर से हो सकती है। आई.आई.टी. दिल्ली को असाधारण रूप से उत्कृष्ट स्थान बनाने वाले सभी विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।“

बिन्नी बंसल के परिवार और करीबी मित्रों की उपस्थिति में संपन्न बिन्नी बंसल प्रदर्शनी हॉल का उद्घाटन समारोह एक स्नेहपूर्ण और यादगार अवसर बन गया। आई.आई.टी. दिल्ली परिसर के मुख्य प्रशासनिक भवन के भूतल पर स्थित यह प्रदर्शनी हॉल गहरी भावनात्मक स्मृतियों से युक्त है-जिसे पूर्व विद्यार्थियों की पीढ़ियाँ उस स्थान के रूप में स्नेहपूर्वक याद करती हैं, जहां उन्होंने कभी अपनी परीक्षाएं दी थीं । आज, यह विद्यार्थियों के अध्ययन और संस्थागत प्रदर्शनियों के लिए समर्पित एक जीवंत और गतिशील केंद्र में बदल गया है।

प्रो. रंगन बनर्जी, निदेशक, आई.आई.टी. दिल्ली ने कहा, “श्री बंसल की असीम उदारता और आई.आई.टी. दिल्ली के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। उनके नाम पर रखा गया यह प्रदर्शनी हॉल उनकी दूरदर्शिता और उदारता का प्रतीक है, जो आने वाले समय में  विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा के स्रोत के रूप में कार्य करेगा। मैं, पूरे आई.आई.टी. दिल्ली समुदाय की ओर से, संस्थान में निरंतर विश्वास के लिए श्री बंसल का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ।”

आज, आई.आई.टी. दिल्ली के विद्यार्थियों के साथ एक अनौपचारिक और प्रेरक संवाद के दौरान, बिन्नी बंसल ने अपनी उद्यमिता यात्रा, फ्लिपकार्ट के शुरुआती दिनों, सीखे गए सबकों और भारत के तकनीकी परिदृश्य के प्रति अपने विचार साझा किए। इस दौरान विद्यार्थियों को भारत के प्रमुख स्टार्टअप संस्थापकों में से एक से सीधे प्रश्न पूछने और प्रेरणा ग्रहण करने का दुर्लभ अवसर मिला। दर्शकों ने इस सत्र में अत्यधिक उत्साह दर्शाया और वे अपने साहसी विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित हुए।