News

Publish Date: June 18, 2026

क्यू.एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027: आई.आई.टी. दिल्ली ने अपनी वैश्विक रैंकिंग में दर्ज की उल्लेखनीय प्रगति, 118वाँ स्थान प्राप्त कर भारत में शीर्ष स्थान पर कायम

Share this on

                                 

नई दिल्ली: आई.आई.टी. दिल्ली एक बार फिर भारत के सर्वश्रेष्ठ शिक्षा एवं शोध संस्थान के रूप में उभरा है। 18 जून, 2026 को घोषित क्यू.एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग (QS World University Rankings) 2027 के अनुसार, आई.आई.टी. दिल्ली ने वैश्विक स्तर पर 118वाँ स्थान प्राप्त किया है, जो पिछले वर्ष के 123वें स्थान की तुलना में पाँच स्थानों का सुधार है।

118वें स्थान के साथ, आई.आई.टी. दिल्ली ने क्यू.एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में किसी भारतीय संस्थान द्वारा हासिल सर्वोच्च वैश्विक स्थिति की भी बराबरी कर ली है।

क्यू.एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 के अनुसार, संस्थान की वैश्विक रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार के प्रमुख कारकों में से एक ‘नियोक्ता प्रतिष्ठा’ (Employer Reputation) ने 11 स्थानों की प्रगति दर्ज़ की है जिसके परिणामस्वरूप आई.आई.टी. दिल्ली ने इस श्रेणी में वैश्विक स्तर पर 39वाँ स्थान प्राप्त किया है। यह संकेतक वैश्विक नियोक्ताओं की धारणा का मूल्यांकन करता है तथा यह दर्शाता है कि उनके अनुसार कौन-से संस्थान रोजगार बाज़ार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सर्वाधिक सक्षम और तैयार स्नातक तैयार कर रहे हैं। 

आई.आई.टी. दिल्ली ने ‘रोज़गार परिणाम’ (Employment Outcomes) श्रेणी में 60 स्थानों की उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। यह संकेतक संस्थानों की उस क्षमता को प्रतिबिंबित करने के लिए विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से वे अपने स्नातकों के लिए उच्च स्तर की रोजगार-योग्यता सुनिश्चित करते हैं, साथ ही ऐसे भावी नेतृत्वकर्ताओं का निर्माण करते हैं जो आगे चलकर अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देते हैं और व्यापक प्रभाव स्थापित करते हैं। 

आई.आई.टी. दिल्ली ने ‘प्रति संकाय उद्धरण’ (Citations per Faculty) संकेतक में 26 स्थानों का उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। यह अनुपात प्रति संकाय सदस्य प्राप्त औसत उद्धरणों का मापता है और विश्वविद्यालयों द्वारा सृजित वैज्ञानिक अनुसंधान कार्यों की गुणवत्ता, प्रभाव का एक महत्वपूर्ण सूचक माना जाता है।।

 प्रो. सोमनाथ बैद्य रॉय, संकायाध्यक्ष (योजना) एवं प्रमुख, रैंकिंग प्रकोष्ठ, आई.आई.टी. दिल्ली ने रैंकिंग के संबंध में कहा आई.आई.टी. दिल्ली विश्वस्तरीय तथा किफ़ायती तकनीकी शिक्षा प्रदान करने और विश्व भर के विद्वानों एवं शोधार्थियों की पहली पसंद बनने के अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध है। हमारे संशोधित पाठ्यक्रम, नवीन अवसंरचना तथा अंतरराष्ट्रीय सहभागिता में वृद्धि आने वाले वर्षों में हमारी गुणवत्ता और प्रभाव को और सुदृढ़ करेगी। हम रैंकिंग को अपने उद्देश्य के रूप में नहीं, बल्कि अपने प्रयासों के परिणाम के रूप में देखते हैं। यदि हम सही कारणों से सही कार्य करते रहेंगे, तो बेहतर रैंकिंग स्वाभाविक रूप से प्राप्त होती रहेगी।”

 विगत चार वर्षों में, आई.आई.टी. दिल्ली ने अपनी वैश्विक रैंकिंग में 79 स्थानों का उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। संस्थान की रैंकिंग क्यू.एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2024 के 197वें स्थान से बढ़कर वर्तमान में 118वें स्थान पर पहुँच गई है।

 मार्च 2026 में घोषित क्यू.एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी विषयवार रैंकिंग में आई.आई.टी. दिल्ली के इंजीनियरी एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित कई प्रमुख विषयों ने अपनी वैश्विक रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया। विद्युत इंजीनियरी, यांत्रिक इंजीनियरी, कंप्यूटर विज्ञान, रासायनिक इंजीनियरी तथा सिविल इंजीनियरी विश्व के शीर्ष 50 विषयों में स्थान पाने में सफल रहे। इसके अतिरिक्त, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी श्रेणी में आई.आई.टी. दिल्ली ने वैश्विक स्तर पर 36वाँ स्थान प्राप्त किया और इस श्रेणी में भारत के अग्रणी संस्थान के रूप में अपनी स्थिति बरकरार रखी। 

                                                                          *****