News

Publish Date: November 17, 2026

क्यू.एस. सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027: आई.आई.टी. दिल्ली, भारत में प्रथम स्थान पर बरकरार, वैश्विक शीर्ष 200 संस्थानों में शामिल

Share this on

नई दिल्ली: आई.आई.टी. दिल्ली ने क्यू.एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: सस्टेनेबिलिटी 2027 में भारत में प्रथम स्थान प्राप्त किया है और वैश्विक स्तर पर 194वां स्थान हासिल करते हुए शीर्ष 200 संस्थानों में जगह बनाई है। संस्थान ने पिछले वर्ष की 205वीं वैश्विक रैंकिंग की तुलना में 11 स्थानों का सुधार किया है। वहीं, एशिया में भी 24वें स्थान से पाँच स्थान ऊपर चढ़कर 19वाँ स्थान प्राप्त किया है।

आई.आई.टी. दिल्ली का समग्र सस्टेनेबिलिटी स्कोर वर्ष 2026 के 83.1 से बढ़कर वर्ष 2027 में 86.5 हो गया है। यह उपलब्धि संस्थान के परिसर संचालन, अनुसंधान एवं संस्थागत कार्यप्रणालियों में सतत विकास को समाहित करने के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

संस्थान नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन तथा हरित परिवहन को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक सतत विकास संबंधी पहल कर रहा है।

संस्थान की सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में सुधार के संबंध में प्रो. सोमनाथ बैद्य रॉय, संकायाध्यक्ष (योजना) एवं अध्यक्ष (रैंकिंग प्रकोष्ठ), आई.आई.टी. दिल्ली ने कहा, "सतत विकास आई.आई.टी. दिल्ली की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। हम सतत विकास संबंधी शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी हैं। संस्थान ने एक सतत विकास कार्यबल का गठन किया है, जो समन्वित कार्रवाई, मापनीय परिणामों और निरंतर निगरानी के माध्यम से आई.आई.टी. दिल्ली को सतत परिसर में परिवर्तित करने की दिशा में मार्गदर्शन एवं प्रयासों को गति प्रदान करेगा। हम खुशी है कि हमारे प्रयास वैश्विक सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में संस्थान के बेहतर प्रदर्शन के रूप में भी परिलक्षित हो रहे हैं।"

स्वच्छ ऊर्जा एवं सतत परिसर

आई.आई.टी. दिल्ली नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन, ऊर्जा दक्षता और विभिन्न साझेदारियों के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा संबंधी पहलों को सुदृढ़ कर रहा है। संस्थान वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ अपशिष्ट पृथक्करण, कंपोस्ट निर्माण, पुनर्चक्रण और हरित परिवहन (पर्यावरण के अनुकूल परिवहन) संबंधी पहलों को भी प्रोत्साहित कर रहा है। ये सभी प्रयास नेट ज़ीरो वॉटर यूज़ और ज़ीरो वेस्ट टू लैंडफिल के दीर्घकालिक लक्ष्यों की प्राप्ति में सहायक हैं।

सतत विकास संबंधी अनुसंधान एवं नवाचार

आई.आई.टी. दिल्ली जलवायु संबंधी कार्रवाई, नवीकरणीय ऊर्जा और चक्रीय अर्थव्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान कर रहा है। इस वर्ष की शुरुआत में, संस्थान और अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन ने नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने तथा सौर ऊर्जा संबंधी कौशल विकास के लिए एक फ्रेमवर्क को औपचारिक रूप दिया है।

आई.आई.टी. दिल्ली सार्वजनिक नीति स्कूल के नेतृत्व में संचालित 'नेट ज़ीरो इंडिया परियोजना' के अंतर्गत रिसर्च फ्रंटियर नेटवर्क्स (RFN) कार्यक्रम में श्मिट साइंसेज़ (Schmidt Sciences) के साथ सहयोग कर रहा है। नेट ज़ीरो इंडिया परियोजना का उद्देश्य वर्ष 2070 तक शुद्ध-शून्य उत्सर्जन का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों के अनुरूप तकनीकी विकल्पों का अध्ययन करना है। संस्थान ने शहरी बाढ़ एवं ताप प्रभावों को कम करने, ऊर्जा प्रणाली रूपांतरण के लिए जलवायु-अनुकूल अवसंरचना आदि सहित अनेक क्षेत्रों में कार्य करने के लिए टी.यू. डेल्फ़्ट के साथ हाथ मिलाया है।

आई.आई.टी. दिल्ली ने संरचनात्मक इस्पात के अनुसंधान, डिज़ाइन नवाचार और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक नोडल उत्कृष्टता केंद्र (CoE) की स्थापना के लिए जिंदल स्टील के साथ भी साझेदारी की है।

सामुदायिक सहभागिता

संस्थान, परिसर के संचालन और अनुसंधान के अतिरिक्त सुगम्यता, लैंगिक समानता और ग्रामीण विकास संबंधी पहलों के माध्यम से समावेशी एवं सतत विकास में योगदान दे रहा है। उन्नत भारत अभियान के राष्ट्रीय समन्वयक संस्थान के रूप में, आई.आई.टी. दिल्ली ऊर्जा, जल और आजीविका जैसे क्षेत्रों में सतत समाधानों को बढ़ावा देने के लिए उच्चतर शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण समुदायों के साथ मिलकर कार्य कर रहा है।