News

Publish Date: June 29, 2026

आई.आई.टी.–सोरबोन यूनिवर्सिटी की साझेदारी हुई और सशक्त: अनुसंधान, शिक्षा और नवाचार में फ्रांस-भारतीय साझेदारी का विस्तार

Share this on

                               ●    वर्ष 2026 से जीव विज्ञान में संयुक्त स्नातकोत्तर कार्यक्रम तथा संयुक्त पीएच.डी. कार्यक्रम की शुरूआत। 

नई दिल्ली: आई.आई.टी. दिल्ली और सोरबोन यूनिवर्सिटी, फ्रांस एक व्यापक दृष्टिकोण, जिसमें वैश्विक महत्त्व के उभरते क्षेत्रों में उन्नत अनुसंधान, शैक्षणिक कार्यक्रम, मोबिलिटी और नवाचार शामिल हैं, के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ कर रहे हैं।

यह सहयोग भारत–फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के सतत सुदृढ़ होते स्वरूप तथा ज्ञान, प्रौद्योगिकी और सामाजिक प्रभाव के संवर्धन हेतु दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

संयुक्त रूप से स्थापित फ्रेंको-इंडियन इंटीग्रेटेड हेल्थ कैंपस की मजबूत नींव पर आगे बढ़ते हुए, आई.आई.टी. दिल्ली और सोरबोन यूनिवर्सिटी वर्ष 2026 में जीव विज्ञान में एक संयुक्त स्नातकोत्तर तथा संयुक्त पीएच.डी. कार्यक्रम शुरू कर रहे हैं। इससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए दोनों संस्थानों की गुणवत्ता का लाभ उठाने के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

जून 2026 में, आई.आई.टी. दिल्ली के निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोरबोन विश्वविद्यालय का दौरा किया, जिसका उद्देश्य संस्थागत संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना तथा सहयोग के नए संभावित क्षेत्रों की तलाश करना था।

इस यात्रा के दौरान विचार-विमर्श का मुख्य केंद्र साझेदारी को स्वास्थ्य क्षेत्र से आगे बढ़ाकर सामग्री विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सूचना विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, रोबोटिक्स तथा अन्य उच्च सामाजिक एवं तकनीकी प्रासंगिकता वाले अंतःविषयक क्षेत्रों तक विस्तार करना रहा।

सोरबोन यूनिवर्सिटी के साथ साझेदारी के बारे में बात करते हुए प्रो.रंगन बनर्जी, निदेशक, आई.आई.टी. दिल्ली ने कहा: “हम सोरबोन विश्वविद्यालय के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी साझेदारी से अत्यंत प्रसन्न हैं। हमने संयुक्त स्नातकोत्तर और संयुक्त पीएच.डी. कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिनमें विद्यार्थी दोनों संस्थानों में आ-जा सकते है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सतत प्रौद्योगिकियों, सामग्री विज्ञान और रोबोटिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में विस्तार के साथ, हमारा लक्ष्य एक जीवंत पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है, जो नवाचारपूर्ण अनुसंधान, प्रतिभा संवर्धन और व्यापक सामाजिक प्रभाव को सुदृढ़ करे। "

यह सहयोग भारत–फ्रांस की व्यापक रणनीतिक साझेदारी के अनुरूप है, जिसमें शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, स्वास्थ्य तथा डिजिटल प्रौद्योगिकियों को सहयोग के प्रमुख स्तंभों के रूप में चिन्हित किया गया है। साथ ही, यह दोनों देशों की उस साझा दृष्टि को भी आगे बढ़ाता है, जिसका मकसद लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करना और हिंद-प्रशांत (Indo-Pacific) क्षेत्र में दीर्घकालिक वैज्ञानिक साझेदारियों का निर्माण करना है।

आगामी परिप्रेक्ष्य में आई.आई.टी. दिल्ली और सोरबोन यूनिवर्सिटी अनुसंधान अवसंरचना एवं सुविधाओं के उन्नत साझाकरण, विद्यार्थी एवं संकाय गतिशीलता के विस्तार, सह-निर्देशित डॉक्टरेट अनुसंधान, संयुक्त डिग्री कार्यक्रमों, अंतरराष्ट्रीय अकादमिक विद्यालयों एवं कार्यशालाओं तथा वैश्विक चुनौतियों के समाधान हेतु सहयोगात्मक अनुसंधान पहलों के माध्यम से अपने सहयोग को और अधिक सुदृढ़ एवं विस्तारित करने की दिशा में अग्रसर हैं।

फ्रांस-भारतीय एकीकृत स्वास्थ्य परिसर, जो दोनों संस्थानों के बीच साझेदारी का केंद्रीय आधार है, को स्वास्थ्य क्षेत्र में अंतःविषयक अनुसंधान एवं शिक्षा के लिए एक अग्रणी एवं नवोन्मेषी मंच के रूप में स्थापित किया गया है।

यह परिसर इंजीनियरिंग, चिकित्सा, जीवन विज्ञान, सामाजिक विज्ञान तथा डिजिटल प्रौद्योगिकियों के विशेषज्ञों को एकीकृत करते हुए सहयोगात्मक नवाचार के माध्यम से समकालीन स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान हेतु कार्य करता है। यह एकीकृत स्वास्थ्य परिसर संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, विद्यार्थी इंटर्नशिप, संकाय एवं विद्यार्थी गतिशीलता कार्यक्रमों, कार्यशालाओं तथा वैज्ञानिक आदान-प्रदान जैसी विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को पहले ही सुगम बना चुका है।

आई.आई.टी. दिल्ली–सोरबोन यूनिवर्सिटी साझेदारी के बढ़ते प्रभाव को शीर्ष नेतृत्व द्वारा भी स्वीकार किया गया है। हाल ही में इमैनुएल मैक्रों ने भारत इनोवेट्स 2026 में अपने भाषण के दौरान इस साझेदारी का उल्लेख करते हुए इसे भारत-फ्रांस विज्ञान एवं शिक्षा सहयोग की एक महत्त्वपूर्ण और प्रमुख पहल बताया।

                                                        ******

Press Release Issued on: 26-06-2026