आई.आई.टी. दिल्ली में आपका स्वागत है!
आई.आई.टी. दिल्ली, 325 एकड़ में फैला हरा-भरा परिसर है जो दिल्ली के दिल में बसा है। यह राजधानी की भागदौड़ और शोरगुल के बीच एक शांत और सुरक्षित स्थल है जहाँ रहने की उचित व्यवस्था के साथ उत्कृष्ट सार्वजनिक परिवहन प्रणाली भी उपलब्ध है जिसके माध्यम से शहर और बाहर के अन्य भागों तक सुगम पहुँच सुनिश्चित होती है।
आई.आई.टी. दिल्ली समुदाय आपका हार्दिक स्वागत करता है। इस खंड में उपलब्ध जानकारी मुख्यतः आपसे पहले जुड़े लोगों द्वारा संकलित एवं एकत्रित की गई है। हमारा उद्देश्य आपको नए परिवेश में ढलने में सहायता प्रदान करना है। सक्रिय संस्थान होने के नाते, हमारी प्रक्रियाएँ प्रायः बेहतरी के लिए समय-समय पर बदलती रहती हैं। आपके सहयोग से हम इन पृष्ठों को अद्यतित रखने का प्रयास करेंगे। आइए, इस यात्रा की शुरुआत पहले अनुभव से करें।
जैसे ही आप परिसर में प्रवेश करते हैं, राह के दोनों ओर लगे विशाल वृक्ष आपके स्वागत में अपनी शाखाएँ फैलाए प्रतीत होते हैं। जैसे-जैसे आप गोलचक्कर से आगे बढ़ते हैं, बाईं ओर गुलाब उद्यान दिखाई देता है, जबकि दाईं ओर सुसज्जित घास के मैदान शांत भाव से पसरे हुए नज़र आते हैं। कुछ ही क्षणों में दाईं ओर मुख्य भवन भव्य रूप से दृष्टिगोचर होता है, जो आई.आई.टी. दिल्ली का सबसे पुराना भवन है। यदि आप क्षण भर के लिए भी चूक गए, तो बाईं ओर आर्ट डेको के पीछे चमकता हुआ लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स आपकी नज़रों से ओझल हो सकता है। दाईं ओर देखने पर मुख्य भवन से जुड़ी प्रसिद्ध 'हाइपरबोलिक पैराबोलॉइड' अथवा 'जहाज़नुमा' छत संरचना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। यह संस्थान के विशिष्ट स्थापत्य (आर्किटेक्चर) को रेखांकित करती है, जो डोगरा हॉल को अपने भीतर समेटे हुए है।
डोगरा हॉल का नाम आई.आई.टी. दिल्ली के प्रथम निदेशक प्रो. आर.एन. डोगरा के नाम पर रखा गया है। 1500 की क्षमता के साथ यह हॉल अनेक दीक्षांत समारोहों, व्याख्यानों और संवादों का साक्षी रहा है, जिनमें फेसबुक के संस्थापक मार्क ज़करबर्ग, ट्विटर के संस्थापक जैक डोर्सी से लेकर परम पूज्य दलाई लामा जैसी विशिष्ट हस्तियाँ शामिल हैं। और हाँ, अगर आप प्रेरित होकर यहाँ डूबने का मन बना लें तो इसके नज़दीक ही बेहतरीन किताबों वाला एक बहुमंज़िला पुस्तकालय भी है।
अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और उत्कृष्टता केंद्रों में निरंतर शोध किये जाते हैं, जो विभिन्न विषयों के संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों को विश्व की सबसे जटिल समस्याओं के समाधान के लक्ष्य के साथ नए शैक्षणिक आयामों का अन्वेषण करने में सक्षम बनाते हैं। हालाँकि, यदि आप कुछ समय के लिए विराम लेकर स्वयं को तरोताज़ा करना चाहें, तो परिसर के घास के मैदानों में टहल सकते हैं, जहाँ सौ से अधिक प्रकार के पक्षी, विविध वनस्पति और जीव-जंतु परस्पर सामंजस्य के साथ मौजूद हैं। मुख्य भवन की ऊपरी मंज़िल पर स्थित फैकल्टी लाउंज में आप स्वादिष्ट भोजन के साथ मनमोहक दृश्य का आनंद ले सकते हैं। कुछ वर्ष पहले यहाँ से दिल्ली का प्रसिद्ध 'लोटस टेम्पल' स्पष्ट रूप से दिखाई देता था, किंतु अब असंख्य वृक्षों ने उस दृश्य को बाधित कर दिया है। फिर भी, हाथ में फ्रेशली ब्रयूड कॉफी का मग लिए वहाँ कुछ समय बिताना आपको अवश्य अच्छा लगेगा। (बारिश के मौसम में यहाँ का दृश्य अत्यंत मनमोहक होता है।)
आई.आई.टी. दिल्ली में आपको स्वस्थ बनाए रखने के लिए उत्कृष्ट खेल एवं मनोरंजन सुविधाएँ उपलब्ध हैं। यहाँ बड़े फुटबॉल ग्राउंड, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल कोर्ट आदि उपलब्ध हैं।
हम आपका राजधानी के सबसे जीवंत क्षेत्र "दक्षिण दिल्ली" में स्वागत करते हैं, जहाँ विरासत और आधुनिक सुविधाएँ साथ मिलकर विविधता, नवाचार और रचनात्मकता का उत्सव मनाती हैं।
आइए, खुद से मिलते हैं!
If something here needs a makeover, or you want to add something, please contact facindcell@iitd.ac.in,.. Last updated: July 2021