संकाय के लिए

निदेशक महोदय का संदेश

आई.आई.टी. दिल्ली में आपका हार्दिक स्वागत है। यदि आप भारत के एक विश्वस्तरीय संस्थान में कार्य करने का अवसर ढूँढ रहे हैं, तो आप बिलकुल सही जगह आए हैं। हमने आई.आई.टी. दिल्ली में यह सरल धारणा अपनाई है- प्रतिभाशाली युवाओं को चयनित करना, उन्हें विकसित होने के लिए उपयुक्त वातावरण प्रदान करना और फिर उन्हें वैश्विक स्तर पर नेतृत्व करते देखना।

इस त्रिभागीय सूत्र का पहला चरण मेरे सहयोगियों द्वारा उनके अपने विभागों, केंद्रों और स्कूलों में प्रभावी रूप से संपन्न किया जाता है, जो कि अपने क्षेत्र के प्रमुख शोधकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। इस सूत्र का तीसरा चरण आपके हाथ में है। इस महान संस्थान के प्रमुख के रूप में, मैं आपसे दूसरे चरण के संबंध में हमारा संकल्प साझा करना चाहता हूँ। यह एक महत्त्वपूर्ण कड़ी है जो आपको एक नए सदस्य से अपने क्षेत्र का नेतृत्वकर्ता बनने की दिशा में आगे ले जाती है।

सर्वप्रथम, मैं आपको उस स्थान के बारे में बताना चाहता हूँ, जहाँ हमसे जुड़ने के बाद आप अपना जीवन व्यतीत करेंगे। हम राष्ट्रीय राजधानी के जीवंत क्षेत्र, दक्षिण दिल्ली में स्थित हैं। यह खूबसूरत परिसर 325 एकड़ में फैला है, जहाँ देश के कुछ श्रेष्ठ विद्यालय, क्रेच सुविधा तथा 2 किमी की परिधि में अनेक विश्वस्तरीय अनुसंधान संस्थान और अस्पताल उपलब्ध हैं। परिसर आपके अधिकांश दायित्वों और चिंताओं- चाहे वह शिशु हो, विद्यालय जाने वाले बच्चे हों, कार्यरत जीवनसाथी हो अथवा बुज़ुर्ग माता-पिता की देखभाल हो- का सहज समाधान करता है।

प्रौद्योगिक नवाचार और रचनात्मकता के माध्यम से संसार को रहने के लिए एक बेहतर स्थान बनाना संस्थान के प्रमुख उद्देश्यों में से एक है। अब जब आप इस समुदाय का हिस्सा बन चुके हैं, तो हम चाहेंगे कि आप यथाशीघ्र हमारे इस मिशन से जुड़ें। यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम आपको जॉइनिंग से संबंधित औपचारिकताओं को पूर्ण करने में सहायता प्रदान करेगा तथा आई.आई.टी. दिल्ली समुदाय के एक नए सदस्य के रूप में संस्थान के उन पहलुओं से अवगत कराइएगा, जिन्हें जानना आपके लिए आवश्यक है।

आपकी नई ज़िम्मेदारियों हेतु मेरी शुभकामनाएँ...! और हाँ, मैं हमेशा आप लोगों के साथ हूँ।