आई.आई.टी. दिल्ली क्या है?
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (आई.आई.टी. दिल्ली) भारत में स्थित एक स्वायत्त शोध विश्वविद्यालय है। इसे तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में दुनिया के शीर्ष विश्वविद्यालयों में गिना जाता है। इसकी स्थापना 1961 में भारतीय संसद के एक अधिनियम द्वारा की गई थी और 1963 में इसे "राष्ट्रीय महत्व का संस्थान" घोषित किया गया। अपनी उपलब्धियों की कड़ी में इसने 2018 में एक और महत्त्वपूर्ण मुकाम हासिल किया जब इसे भारत सरकार द्वारा नवनिर्मित पदनाम "इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस" (आई.ओ.ई.) से सम्मानित किया गया।
आई.आई.टी. दिल्ली का मुख्य परिसर दिल्ली के हौज़ खास क्षेत्र में स्थित है। दिल्ली के पास ही आई.आई.टी. दिल्ली के दो अन्य परिसर सोनीपत और झज्जर में भी हैं:
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली का लक्ष्य अत्याधुनिक अनुसंधान के माध्यम से नवीन ज्ञान के सृजन तथा उन्नत स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डॉक्टरेट कार्यक्रमों द्वारा शैक्षणिक उन्नयन को प्रोत्साहित करना है।
आई.आई.टी. दिल्ली उद्योग और समाज के लिए एक महत्त्वपूर्ण बौद्धिक एवं तकनीकी संसाधन के रूप में अपनी भूमिका निभाने की दिशा में प्रतिबद्ध है। संस्थान के बुनियादी मूल्य वैज्ञानिक एवं तकनीकी शिक्षा तथा अनुसंधान में उत्कृष्टता, शैक्षणिक सत्यनिष्ठा एवं उत्तरदायित्व, विविधता के प्रति सम्मान, तथा अन्वेषण, विवेकशीलता और उद्यमशीलता की मुक्त एवं निर्बाध भावना पर आधारित हैं।
आई.आई.टी. दिल्ली ज्ञान को समाज की सेवा के लिए एक साधन बनाने की दिशा में काम करता है। संस्थान अपने दृष्टिकोण को साकार करने के लिए अपने अल्युमनी के माध्यम से उद्योग और अकादमिक क्षेत्रों से संसाधन जुटाने का प्रयास करता है। ये अल्युमनी अलग-अलग क्षेत्रों में अग्रणी वैज्ञानिक, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, व्यवसाय प्रबंधक और उद्यमी हैं।
हमारा प्रयास अपने पेशेवर कर्तव्यों से आगे बढ़कर सोचना और पृथ्वी को रहने के लिए एक बेहतर स्थान बनाना है!
Contact: fac_recruit@admin.iitd.ac.in | Apply