संकाय के लिए

आई.आई.टी. दिल्ली – काम करने और रहने के लिए एक शानदार स्थान

आई.आई.टी. दिल्ली प्रतिभाशाली और लक्ष्य-प्रेरित लोगों से परिपूर्ण एक आवासीय विश्वविद्यालय है। यह अपने संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को सीखने तथा विकास के लिए एक उत्कृष्ट वातावरण प्रदान करता है। यहाँ हर मोड़ और कॉफी हाउस की बेंच पर जीवंत, बौद्धिक बहसें देखने को मिलती हैं।
एक संस्थान के रूप में, आई.आई.टी. दिल्ली अपने संकाय सदस्यों को बौद्धिक सीमाओं के विस्तार और उत्कृष्टता के शिखर तक पहुँचाने हेतु निरंतर समर्थन देता है।

विविधता

आई.आई.टी. दिल्ली में अकादमिक और शोध कार्य 35 से अधिक विभागों, केंद्रों, स्कूलों और कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित होते हैं। इनमें नियमित, विजिटिंग और अनुपूरक संकाय सदस्य, पोस्ट-डॉक्टोरल फेलो, पीएच.डी. शोधार्थी, विद्यार्थी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी, अपने कौशल और विशेषज्ञता के साथ शामिल हैं। शोध या शिक्षण के किसी भी आयाम में सहयोग की आवश्यकता पड़ने पर सहायता सदैव सुलभ रहती है। आई.आई.टी. दिल्ली उद्योग की तेजी से बदलती ज़रूरतों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के महत्त्व को पहचानता है। इस ज़रूरत को पूरा करने के लिए, हमारे संकाय सदस्यों में कई उद्योग विशेषज्ञ हैं -- जिन्हें प्रोफेसर ऑफ़ प्रैक्टिस कैडर के नाम से जाना जाता है। इनमें उद्योग के वरिष्ठ पेशेवर शामिल हैं, जो अंशकालिक (पार्ट-टाइम) या पूर्णकालिक (फुल-टाइम) पदों पर कार्यरत हैं। इसके अलावा, कई अन्य कैडर हैं जिन्हें आप खोज सकते हैं।

आवेदन करें आई.आई.टी. दिल्ली में आवेदन करें और अपने करियर को एक नया आरंभ दें!

वर्षों से किए गए उच्च-गुणवत्ता वाले शोध और शिक्षा के माध्यम से स्थापित संस्थान की वैश्विक पहचान गर्व और प्रेरणा—दोनों का विषय है। विश्वभर के उद्योगों के साथ संस्थान के सक्रिय सहयोग स्थापित हैं और उन्हें निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है। संस्थान स्वयं को एक ‘समान अवसर प्रदान करने वाला नियोक्ता’ के रूप में परिभाषित करता है, जो भौगोलिक सीमाओं, लिंग अथवा अन्य पहचानों से परे, विश्व-भर से प्रतिभाशाली संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों का स्वागत करता है।

संकाय को लाभ एवं प्रोत्साहन

आई.आई.टी. दिल्ली सदैव अपने संकाय सदस्यों को कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने और उच्चतम उपलब्धियों तक पहुँचने के लिए प्रेरित करता रहा है। यहाँ का वेतनमान देश के अग्रणी संस्थानों के समान है। संकाय सदस्य विभिन्न प्रकार के शोध अनुदानों के पात्र होते हैं। संस्थान द्वारा आंतरिक रूप से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है, साथ ही बाह्य स्रोतों से शोध अनुदान प्राप्त करने के अनेक अवसर भी मौजूद हैं। इसके अतिरिक्त, आई.आई.टी. दिल्ली के विभिन्न सरकारी एवं कॉरपोरेट संस्थाओं के साथ सक्रिय सहयोग हैं, जो संकाय सदस्यों को सहयोग प्रदान करने हेतु विविध मंच और संसाधन उपलब्ध कराते हैं।

संकाय सदस्यों के लिए उपलब्ध सामान्य लाभ और प्रोत्साहनों की सूची यहां देखें

आई.आई.टी. दिल्ली परिसर में संकाय सदस्यों के लिए विशाल अपार्टमेंट और आवासीय बंगले उपलब्ध हैं, जहाँ वे शांति और सुविधा के साथ रहकर कार्य कर सकते हैं। परिसर में सभी प्रकार की सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जिससे संकाय सदस्य अपने अध्यापन और शोध पर पूर्णतः ध्यान केंद्रित कर सकें। परिसर में आधुनिक जिम, रेस्टोरेंट और दैनिक आवश्यकताओं के लिए बाज़ार भी हैं, जो शहरी आवागमन की परेशानी को समाप्त कर देते हैं। यदि किसी को काम से विराम लेकर स्वयं को ताजगी प्रदान करनी हो, तो वे बस लॉन में टहलने और ताजी हवा का आनंद लेने के लिए बाहर कदम रख सकते हैं।

आई.आई.टी. दिल्ली के 325 एकड़ विस्तृत और जीवंत परिसर की झलक।

तो चलिए, अपनी सीट बेल्ट बांधिए और परिसर की रोमांचक यात्रा शुरू करते हैं।

आई.आई.टी. दिल्ली में 'दिल्ली'

आई.आई.टी. दिल्ली का नाम राजधानी शहर दिल्ली के नाम पर रखा गया है। दिल्ली में अनुभव के लिए बहुत कुछ है। परिसर से बाहर कदम रखते ही आप इस शहर की जीवंतता में डूब सकते हैं। यह शहर हर आवश्यकता के लिए प्रचुर अवसर और संसाधन-चाहे आपके बच्चों के लिए प्रतिष्ठित विद्यालय हों, दैनिक आवश्यकताओं के लिए बाज़ार और मॉल हों, सड़कों का स्वादिष्ट स्ट्रीट-फूड, रेस्तरां और लग्ज़री होटल हों, या स्वयं को नया रूप देने के लिए सैलून- प्रदान करता है।

राजधानी शहर दिल्ली की यात्रा करना बहुत आसान है। दिल्ली का मेट्रो नेटवर्क दुनिया के सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्कों में से एक है। मेट्रो यात्रा आरामदायक, सुरक्षित, तेज़ और किफ़ायती है। परिसर के आसपास कई मेट्रो स्टेशन और मेट्रो लाइनें स्थित हैं, जो शहर के किसी भी कोने तक पहुँचना आसान बनाती हैं।

दिल्ली की संस्कृति को करीब से जानने के लिए आप दिल्ली टूरिज़्म की वेबसाइट देख सकते हैं।

और सबसे खास बात यह है कि दिल्ली खुशमिज़ाज, मददगार और मेहमाननवाज़ लोगों का शहर है, जो लोकप्रिय कहावत 'दिल्ली है दिल वालों की' को पूरी तरह सही साबित करता है।