संकाय के लिए

आई.आई.टी. दिल्ली में संकाय भर्ती

यदि आप भारत के एक विश्वस्तरीय संस्थान में कार्य करने का अवसर ढूँढ रहे हैं, तो आप बिलकुल सही जगह आए हैं। जैसा कि निदेशक बताते हैं, 'संस्थान में संकाय भर्ती का दर्शन सरल है—प्रतिभाशाली दिमागों को नियुक्त करें, उन्हें फलने-फूलने के लिए उचित वातावरण प्रदान करें और फिर पीछे हटकर देखें कि वे विश्व-नेताओं के रूप में कैसे विकसित होते हैं।' यदि यह आपके जीवन के उद्देश्यों के अनुरूप है, तो अभी आवेदन करें

आईआईटी दिल्ली स्वयं को 'समान अवसर प्रदान करने वाला नियोक्ता' मानता है और विश्वभर से आवेदन आमंत्रित करता है। केवल शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार ही नहीं, बल्कि गैर-शैक्षणिक/औद्योगिक पृष्ठभूमि वाले प्रतिष्ठित पेशेवर भी आई.आई.टी. दिल्ली में संकाय पदों (अस्थायी संकाय भर्ती का लिंक) के लिए आवेदन कर सकते हैं। संस्थान अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति/ अन्य पिछड़ा वर्ग/ अर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग (SC/ST/OBC/EWS) तथा दिव्यांग वर्ग के व्यक्तियों को भी इन पदों के लिए आवेदन करने हेतु प्रोत्साहित करता है।

हम भर्ती कर रहे हैं। हमें विभिन्न क्षेत्रों में शीर्ष अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की तलाश है। संकाय आवेदनों को निरंतर आधार पर स्वीकार किया जाता है, और आवेदन करने की कोई अंतिम तिथि नहीं है। कृपया ध्यान दें कि भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में होती है। कर्मचारियों द्वारा न्यूनतम पात्रता आवश्यकताओं के आधार पर आवेदनों की जांच की जाती है और फिर शैक्षणिक इकाइयों द्वारा उनका मूल्यांकन किया जाता है। चयनित उम्मीदवारों को संकाय सदस्यों के साथ लंबी बातचीत के लिए आमंत्रित किया जाता है। सर्वोत्तम उम्मीदवारों का साक्षात्कार संस्थान की चयन समिति द्वारा लिया जाता है, जिसमें शीर्ष अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ और विजिटर (भारत के राष्ट्रपति) द्वारा नामित प्रतिनिधि सदस्य शामिल होते हैं। अनुशंसित उम्मीदवारों की सूची अंतिम अनुमोदन के लिए बोर्ड ऑफ़ गवर्नर्स के समक्ष प्रस्तुत की जाती है। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग 6 महीने या उससे भी अधिक समय लग सकता है।

यदि आपके पास एक से अधिक शैक्षणिक इकाइयों के लिए प्रासंगिक विशेषज्ञता है, तो आप संयुक्त पद के लिए आवेदन करने पर भी विचार कर सकते हैं।