यह एक फ्लोचार्ट है जो आपके प्रारंभिक दिनों में किए जाने वाले कार्यों की क्रमवार रूपरेखा को संक्षेप में प्रस्तुत करता है। आप शैक्षणिक इकाई और स्थापना अनुभाग-1 के प्रमुख के संपर्क में रहेंगे जो आपको जॉइनिंग होने से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा करने में सहायता करेंगे।
आगमन पर
अतिथि गृह में प्रवेश/चेक-इन
संस्थान में दो संकाय अतिथि गृह हैं,: गुलमोहर संकाय अतिथि गृह और अमलतास अतिथि गृह। नए संकाय सदस्यों को गुलमोहर अतिथि गृह में ठहराया जाएगा।
संस्थान पहुंचने के बाद, आप छात्र गतिविधियाँ केंद्र (SAC) के निकट गुलमोहर संकाय अतिथि गृह में चेक-इन करेंगे। आपको यहाँ अल्प अवधि के लिए ठहराया जाएगा, जब तक कि आपको ट्रांज़िट या नियमित आवास आवंटित नहीं कर दिया जाता। आप वाईफ़ाई एक्सेस के लिए अतिथि गृह के कर्मचारियों से गेस्ट लॉग-इन आईडी (जिसे UID, Kerberos ID भी कहते हैं) और पासवर्ड भी मांग सकते हैं। (स्थायी आईडी नियुक्ति की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बनाई जाएगी)
कृपया संकाय सदस्यों के लिए आवास संबंधी अधिक जानकारी के लिए हाउसिंग सेक्शन पर जाएं। गृह आवंटन नियम > आंतरिक वेबसाइट -> प्रशासनिक -> संपदा -> घर आवंटन नियम देखें।
जॉइनिंग रिपोर्ट:
कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात् सबसे पहले आपको अपनी शैक्षणिक इकाई के अध्यक्ष से मिलकर उन्हें कार्यभार ग्रहण रिपोर्ट देना होगा। यदि आपको अस्थायी वाईफाई सुविधा प्राप्त नहीं हुई है, तो कृपया अपने अध्यक्ष (Head) से 7 दिनों के लिए इंटरनेट उपयोग हेतु अस्थायी लॉगिन आईडी (AKA UID, KERBEROS ID) और पासवर्ड प्रदान करने का अनुरोध करें, क्योंकि स्थायी आईडी बनने में कुछ समय लग सकता है।
यहां आपको आपका वेलकम किट भी प्रदान किया जायेगा। इस किट में कुछ ऐसी उपयोगी वस्तुएँ होंगी जो आवश्यकता पड़ने पर आपके काम आएँगी और यह आई.आई.टी. दिल्ली में आपके नए जीवन की याद के रूप में आपके पास सुरक्षित रहेंगी।
आपको अपने चिकित्सीय परीक्षणों के लिए आवश्यक प्रपत्र भी प्राप्त होंगे। अस्पताल जाने से पहले कृपया स्वास्थ्य रिकॉर्ड भरें। अध्यक्ष किसी स्टाफ सदस्य को आपके साथ अस्पताल तक मार्गदर्शन हेतु भेज सकते हैं।
चिकित्सीय परीक्षण:
अस्पताल जाने से पहले कृपया अपना चिकित्सीय प्रपत्र तैयार रखे। आई.आई.टी. दिल्ली अस्पताल में आपका सम्पूर्ण चिकित्सीय परीक्षण होगा। यह परीक्षण काफी विस्तृत होता है। इसलिए कृपया मानसिक रूप से तैयार होकर जाएँ।
कृपया ध्यान दे कई जाँच/परीक्षण खाली पेट करने होंगे। इसलिए कृपया पिछली शाम 8 या 9 बजे के बाद कुछ भी नहीं खाएं। कृपया अस्पताल 8 या 8:30 बजे के आसपास पहुँचने की कोशिश करें ताकि जाँच/ परीक्षण जल्दी पूर्ण हो सके और जांच के पश्चात आप सुबह का नाश्ता कर सकें। कभी-कभी, विशेष रूप से जब कोई संक्रमण फैला हो, तो कतारें लंबी हो सकती हैं। सैंपल लिए जाने के बाद आप कुछ खाने के लिए जा सकते हैं। गेस्ट हाउस बहुत दूर नहीं है। लाइब्रेरी के पास भी खाने-पीने की कई जगहें हैं। यदि आप कॉफ़ी प्रेमी हैं, तो CCD और अन्य कॉफी शॉप्स भी पास में हैं। आपको भोजन के बाद रक्त शर्करा (पोस्ट-मील ब्लड ग्लूकोज़) परीक्षण के लिए दोबारा अस्पताल आने को कहा जाएगा। परिसर में कुछ जांच उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में आपको नजदीकी अस्पताल/प्रयोगशालाओं में जांच करवानी होगी । इसमें थोड़ा समय लग सकता है, इसलिए धैर्य रखें। इसे अभ्यास के तौर पर देखें – आपको अस्पताल जाने और जाँच/परीक्षण की आगे भी आवश्यकता हो सकती है। एक या दो दिन में आपकी जाँच/परीक्षण रिपोर्ट आ जाएगी। अपनी रिपोर्ट्स को इकठ्ठा करें और उन पर सी.एम.ओ. (CMO) के हस्ताक्षर अवश्य करवाएं। आपको इसे वापस स्थापना-1 (Establishment-1 का संक्षिप्त नाम E1 है, जो संकाय सदस्यों के लिए मानव संसाधन विभाग है) में इसे जमा करना होगा।
जॉइनिंग प्रपत्र
एक बार सभी चिकित्सीय परीक्षण पूर्ण होने के पश्चात् आपको शेष जॉइनिंग औपचारिकताएं पूर्ण करनी होगी। अपने जॉइनिंग रिपोर्ट के लिए आप विभागाध्यक्ष से पहले ही मिल चुके होंगे। चिकित्सीय रिपोर्ट्स तैयार होने के पश्चात संभवतः प्रमुख से मिलकर आपके कार्यालय और प्रयोगशाला स्थान से संबंधित विषयों पर चर्चा करने का समय होगा।
आपको विस्तृत जॉइनिंग फॉर्म भरने होंगे (इन फॉर्मों को चरणबद्ध रूप से ऑनलाइन किया जा रहा है)। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए स्थापना अनुभाग -1 में आपकी जॉइनिंग से संबंधित कार्य देख रहे अधिकारी से संपर्क करें। आपको स्वयं तथा अपने आश्रितों की कई पासपोर्ट आकार की तस्वीरें उपलब्ध करानी होंगी। परिसर में एक फोटो स्टूडियो स्थित है (मसाला मिक्स के पीछे एवं चायोस के निकट)। इसके अतिरिक्त, स्थापना अनुभाग -1 में भौतिक सत्यापन हेतु आपको अपनी डिग्री प्रमाणपत्रों एवं अंकतालिकाओं की मूल प्रतियां साथ रखनी होंगी।
यह जानना महत्वपूर्ण है कि आई.आई.टी. दिल्ली में कई फॉर्मों में कर्मचारी आईडी (Employee ID) की आवश्यकता होती है। आपकी जॉइनिंग पूर्ण होने और उसे आधिकारिक रूप से (संस्थान के अन्य सभी सदस्यों के लिए) 'अधिसूचित' किए जाने के बाद ही आपकी कर्मचारी आईडी जनरेट की जाएगी। इसी समय आपको संस्थान-व्यापी प्रणाली सेवाओं के लिए आपका लॉग-इन आईडी तथा पासवर्ड भी प्रदान किया जाएगा। इनका उपयोग आपको ERP सहित संस्थान की अनेक सेवाओं के उपयोग के लिए करना होगा, जहाँ से आप कुछ अतिरिक्त सेवाओं (जिनमें से कुछ नीचे दर्शाई गई हैं) का अनुरोध कर सकेंगे।
संस्थान पहचान पत्र (आईडी कार्ड)
संस्थान पहचान पत्र के लिए ई-एडमिन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। संस्थान पहचान पत्र के लिए, आपको अपने कर्मचारी आईडी के साथ-साथ एक डिजिटल फ़ोटो और अपने हस्ताक्षर की स्कैन की हुई प्रति की आवश्यकता होगी।
पुस्तकालय पहचान पत्र (आईडी कार्ड)
संस्थान आईडी पुस्तकालय कार्ड के रूप में भी कार्य करेगी। लेकिन पुस्तकालय (लाइब्रेरी) सदस्यता के लिए आपको आवेदन करना होगा। आप पुस्तकालय जाकर सदस्यता के लिए आवेदन कर सकते हैं। पुस्तकालय रिसेप्शनिस्ट सही काउंटर तक पहुँचने में आपकी मदद करेंगे।
वाहन स्टिकर
यदि आपके पास वाहन है, तो परिसर में रात भर पार्किंग और गैर-आगंतुक पार्किंग क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए आपको निवासी वाहन स्टिकर की आवश्यकता होगी। इसके लिए ई-एडमिन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदन करने के लिए आपको अपने वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र और चालक लाइसेंस की स्कैन की हुई प्रतियाँ प्रस्तुत करनी होंगी।
वेतन तथा इससे संबंधित जानकारी
किसी भी बैंक खाते का उपयोग आपके वेतन खाते के रूप में किया जा सकता है। फिर भी, परिसर में स्थित SBI शाखा में खाता खोलना आपके लिए अधिक सुविधाजनक रहेगा। एक बार खाता खुलने के पश्चात आपको अपने बैंक खाते का विवरण वेतन अनुभाग को प्रदान करना होगा जिससे आपका वेतन सीधे आपके खाते में जमा किया जा सके।
मुख्य भवन तक जाने वाला मार्ग जहाँ दोनों ओर खड़े ऊँचे अशोक वृक्ष आपकी स्वागत करते हैं।
आई.डी. के लिए - eadmin.iitd.ac.in; पुस्तकालय के लिए- hodlibrary@iitd.ac.in
011 2659 1451; सुरक्षा के लिए securityofficer.admin_head@admin.iitd.ac.in पर आवेदन करें।
If something here needs a makeover, or you want to add something, please contact facindcell@iitd.ac.in,.. Last updated: July 2021